30/11/2025


दूसरी-तीसरी मंजिल की खिड़की से बाहर झाँकने पर भी दूसरे घरों की ज्यादातर बंद और कभी-कभार अधखुली खिड़कियाँ ही नज़र आती हैं। बाहर से बंद इन खिड़कियों की देखा-देखी भीतर की ख्याली खिड़कियाँ कब बंद होने लगती हैं, पता ही नहीं चलता। ज़ेहन पर जंग लगने लगती है। विचार कुंद होते रहते हैं। इस घुटन को थोड़ा और विस्तार तब मिलता है। जब खुला आसमान और ज़मीन देखे ज़माने हो जाते हैं। हम सोचते हैं कि पिछले साल नुक्कड़ पर दिखे कनेर के पेड़ पर इस मौसम फूल आये होंगे? ग्लोबल वॉर्मिंग के इस ज़माने में क्या तितलियाँ सलामत होंगी? क्या फोन से चिपके बच्चे अब भी साथ मिलकर खेलते होंगे? क्या सब कुछ उतना ही सुंदर होगा, जैसा पहले देखने पर हुआ करता था.. या अब बस? वो वक़्त, वो ज़माना नहीं रहा? 

लेकिन भागम-भाग भरी ज़िंदगी से थोड़ा वक़्त निकाल कर जब आप प्रकृति की उस खूबसूरत दुनिया में पहुंचेंगे तो पायेंगे कि कुदरत की महीन कारीगरी से काढ़े गए इमली के सुंदर पत्ते आज भी उतने ही खट्टे हैं। खर-पतवार वाले वो फूल आज भी उतने ही सुंदर हैं। लड़कपन के दिनों की तरह आज भी उन पर तितलियाँ मंडराया करती हैं, वो तो बस हम हैं जिन्हें फूल और खर-पतवार का फ़र्क समझ आ गया है। इस वजह से वो खर जिनके पत्ते/फूल/ फल घरवालों के मना करने के बाद भी सिर्फ़ देख और परख ही नहीं बल्कि चख भी कर रखें हैं, उन्हें छूने में संकोच हो रहा था। "कोई क्या सोचेगा" से ज्यादा संकोच इस बात का था कि बचपन वाली पवित्रता खोने के बाद इन्हें छूने से इन्हें भी अपने जैसा तो नहीं बना लेंगे? देखा! ऐसा दूषित विचार किसी बड़े के दिमाग़ में ही आ सकता है वरना कोमल मन के उन फूलों को पवित्रता-अपवित्रता से क्या मतलब? पवित्रता से याद आया वो विशाल वट वृक्ष जो टाइम ट्रैवल की अपनी चमत्कारी शक्ति से एक ही वक़्त में आपको अपनी छाँव में बड़ों की चौपाल और जटाओं में बच्चों की झूले वाली दुनिया की सैर एक साथ करा सकता है। बच्चे आज भी उतने ही क्रिएटिव और कल्पनाशील है, जितने हाथों में स्मार्ट फ़ोन आने से पहले थे। वो तो हम हैं जो मनोचिकित्सकों के चक्कर काट रहे हैं और वहाँ से दिल औ दिमाग़ से बच्चा बनने की नसीहतें लेकर आ रहे हैं। बच्चे तो अब भी ख्यालों की पतंग उड़ा रहे हैं। फ़िकर को फुटबॉल बना किक मार रहे हैं और मुहल्ले के नवजात कुत्तों के लिए घर बना रहे हैं। 

30/11/2025
- नेहा मिश्रा "प्रियम

Comments

Popular posts from this blog

11/01/2025

मेरे हीरो

प्रेम है?